राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने वाला आरोपी कोटा में गिरफ्तार; लोकसभा स्पीकर का नाम लेकर दी थी चेतावनी, पुलिस ने खंगाला आपराधिक इतिहास
कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई! राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का नाम लेकर बनाया था वीडियो। एसपी तेजस्विनी गौतम ने कहा— "सख्त धाराओं में होगी कार्रवाई।"

ईदुल अमीन
कोटा: राजस्थान की कोटा पुलिस ने उस युवक को हिरासत में ले लिया है जिसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दी थी। कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा है कि आरोपी के खिलाफ विधिवत कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।

“कांग्रेस के जिन 25 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से गाली-गलौज की है, अगर उन्होंने दोबारा ऐसी घटना की तो उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ करेंगे।”
इसी वीडियो के अंत में उसने राहुल गांधी को गोली मारने की सीधी धमकी भी दी थी, जिसके बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर गरमा गया।
हिस्ट्रीशीटर है आरोपी एसपी तेजस्विनी गौतम ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए शख्स का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में 4 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वह किसी विशेष राजनीतिक या सामाजिक संगठन से जुड़ा है या नहीं। पुलिस इस पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
कांग्रेस का कड़ा रुख: “किसके कहने पर मिली धमकी?” इस घटना के बाद कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (X) हैंडल से केंद्र सरकार और स्थानीय प्रशासन को घेरा है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि— “आखिर इस गुंडे की इतनी हिम्मत कैसे हुई कि उसने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का नाम लेते हुए धमकी भरा वीडियो बनाया? इस बात की जांच होनी चाहिए कि इसके पीछे किसका हाथ है।”
PNN24 न्यूज़ का विश्लेषण: लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर (संसद) के भीतर हुए विवाद को सड़क पर हिंसा और धमकी के रूप में तब्दील करना एक गंभीर चिंता का विषय है। कोटा पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई ने फिलहाल तनाव को कम किया है, लेकिन इस मामले के राजनीतिक तार कहां तक जुड़े हैं, यह जांच का विषय है।










