‘जय हो वाराणसी आबकारी विभाग’: होटल स्क्वायर के पास लाइसेंस नहीं, फिर भी ‘वेलेंटाइन डे’ पर शराब पिलाने की तैयारी; इन्स्टा पर रेट लिस्ट वायरल, विभाग बेखबर!

वाराणसी: आबकारी विभाग की नाक के नीचे होटल स्क्वायर का 'खुला खेल'! बिना लाइसेंस वेलेंटाइन डे पर शराब और बीयर परोसने का विज्ञापन वायरल। आबकारी अधिकारी अमित कुमार ने कहा— "नहीं है लाइसेंस", फिर विज्ञापन कैसे?

ए0 जावेद

वाराणसी: धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में नियमों को ताक पर रखकर ‘जाम’ छलकाने की तैयारी जोरों पर है। रथयात्रा जैसे व्यस्त इलाके में स्थित होटल स्क्वायर एक बार फिर अपनी कार्यशैली और विवादास्पद विज्ञापन को लेकर चर्चा में है। आज ‘वेलेंटाइन डे’ के मौके पर जहाँ प्रेमी जोड़ों के स्वागत की तैयारी है, वहीं होटल स्क्वायर ने सोशल मीडिया पर शराब और बीयर परोसने का खुला प्रचार शुरू कर दिया है।

इन्स्टा पर रेट लिस्ट, पर विभाग के पास रिकॉर्ड नहीं! होटल स्क्वायर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक विज्ञापन जारी किया है, जिसमें शराब और बीयर की कीमतों (रेट लिस्ट) का साफ तौर पर जिक्र है। नियमतः, किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान को शराब परोसने के लिए आबकारी विभाग से बार लाइसेंस या ‘ओकेशनल लाइसेंस’ (Occasional License) लेना अनिवार्य है।

PNN24 न्यूज़ ने जब इस मामले की तहकीकात की और जिला आबकारी अधिकारी अमित कुमार से बात की, तो उन्होंने पुष्टि की कि होटल स्क्वायर ने इस विशेष आयोजन के लिए कोई लाइसेंस नहीं लिया है।

नियमों की सरेआम धज्जियाँ: आबकारी विभाग के अनुसार, ओकेशनल लाइसेंस की श्रेणी में:

  • ग्राहक अपनी शराब लाकर पी तो सकते हैं।
  • लेकिन होटल या अनुज्ञापी स्वयं शराब बेच नहीं सकता।
  • होटल स्क्वायर का विज्ञापन न केवल शराब बेचने की पुष्टि कर रहा है, बल्कि कीमतों का प्रदर्शन कर नियमों को सीधी चुनौती दे रहा है।

आबकारी अधिकारी का ‘आश्वासन’: जब हमने आबकारी अधिकारी अमित कुमार को इस विज्ञापन और होटल की तैयारियों से अवगत कराया, तो उन्होंने कहा, “फिलहाल हमारे पास लाइसेंस की कोई जानकारी नहीं है, लेकिन अगर ऐसा विज्ञापन चल रहा है तो मैं इसे व्यक्तिगत रूप से देखूँगा और जाँच करूँगा।”

सवाल यह उठता है कि जब लाइसेंस जारी ही नहीं हुआ, तो होटल स्क्वायर के पास सरेआम शराब और बीयर की रेट लिस्ट जारी करने की हिम्मत कहाँ से आई? क्या आबकारी विभाग के निचले स्तर के कर्मचारियों की मिलीभगत से यह खेल चल रहा है? क्या विभाग विज्ञापन जारी होने तक सो रहा था या ‘वेलेंटाइन डे’ की खुमारी में कार्रवाई करना भूल गया?

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *