‘प्रयागराज: कलयुगी पिता ने “जूसर” के हैंडल से ली बेटे की जान; करेली में खौफनाक हत्याकांड से सनसनी; शक की आग ने ले ली घर के बड़े चिराग की बलि!’
प्रयागराज के करेली में कलयुगी पिता का खौफनाक कदम! जूसर के हैंडल से वार कर 18 साल के बेटे की बेरहमी से हत्या। शक के चलते उजड़ा परिवार, छत पर सो रहे परिजनों के नीचे पहुँचने से पहले ही वारदात। आरोपी पप्पू जायसवाल फरार। डीसीपी सिटी ने दी जानकारी। PNN24 की विशेष रिपोर्ट।

प्रदीप कुमार
प्रयागराज (PNN24 News): संगम नगरी के करेली थाना क्षेत्र में एक ऐसा वाकया सामने आया है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। एक पिता ने मामूली विवाद और शक के चलते अपने 18 वर्षीय जवान बेटे की जूस निकालने वाली मशीन के हैंडल से कूचकर हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
1. आधी रात को “मौत” का तांडव
वारदात शुक्रवार की रात की है। बताया जा रहा है कि 45 वर्षीय आरोपी पप्पू जायसवाल का परिवार गर्मी के चलते छत पर सो रहा था। आधी रात को आरोपी अपने सबसे बड़े बेटे प्रियंशु जायसवाल (18) को बहला-फुसलाकर नीचे कमरे में ले गया। वहाँ उसने भारी-भरकम जूसर के हैंडल से प्रियंशु के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
2. चीख सुनकर दौड़ा परिवार, पर सब खत्म हो चुका था
कमरे से आ रही चीख-पुकार सुनकर जब प्रियंशु की माँ और छोटा भाई नीचे पहुँचे, तो नज़ारा रूह कँपा देने वाला था। कमरे की दीवारों और फर्श पर चारों तरफ खून बिखरा हुआ था और प्रियंशु लहूलुहान हालत में ज़मीन पर पड़ा था। आरोपी पिता परिवार को डराते-धमकाते हुए मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में प्रियंशु को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
3. विवाद की जड़: “संदेह”
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पप्पू जायसवाल अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर कलेश रहता था। शुक्रवार को भी इसी मुद्दे पर विवाद हुआ था, जिसका अंत प्रियंशु की मौत के रूप में हुआ। मृतक प्रियंशु घर की ज़िम्मेदारी संभालता था और जूस की दुकान चलाता था।
4. पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।












