चुनाव आयोग पर साजिश के तहत लगाए जा रहे हैं आरोप: चिराग पासवान

तारिक खान
डेस्क: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश’ करार दिया। चिराग ने कहा, ‘राहुल जी ने दो दिन पहले कर्नाटक को लेकर पूरा इवेंट और प्रेज़ेंटेशन किया, जबकि वहां उनकी ही सरकार है। जब उनसे कहा गया कि अपने दावों को सत्यापित करें, तो उन्होंने ऐसा नहीं किया।’
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि राहुल गांधी को अपने आरोपों पर विश्वास है, तो उन्हें औपचारिक शिकायत दर्ज करानी चाहिए। चिराग ने चेतावनी दी, ‘अगर जांच कर्नाटक में होगी तो इन्हें फिर आपत्ति होगी और ये सवाल उठाएंगे कि वहां ही क्यों जांच हो रही है।’ पासवान ने आरोप लगाया, ‘सच्चाई यह है कि ये लोग संवैधानिक संस्थाओं के अस्तित्व को ही समाप्त करना चाहते हैं।’











