वोटर लिस्ट घोटाले के आरोप पर चुनाव आयोग का पलटवार, प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल

ईदुल अमिन
डेस्क: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची में धांधली के आरोपों पर चुनाव आयोग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। आयोग ने ‘ECI फैक्ट चेक’ के ज़रिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक बयान जारी कर राहुल के दावों को “भ्रामक” बताया है। आयोग ने कहा कि यदि राहुल गांधी अपने आरोपों को सही मानते हैं, तो उन्हें वोटर रजिस्ट्रेशन नियम 1960 के तहत हलफनामा दाखिल करना चाहिए और यह शपथपत्र महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को गुरुवार शाम तक सौंपा जाना चाहिए, ताकि आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
इस बयान पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘आप जांच क्यों नहीं कर रहे हैं? हलफनामा क्यों मांग रहे हैं?’ प्रियंका गांधी ने कहा, ‘अगर कोई जानबूझकर गड़बड़ी हुई है, तो आयोग को खुद इसकी जांच करनी चाहिए। आप हमसे एफिडेविट क्यों मांग रहे हैं? हमने संसद में शपथ ली है, इससे बड़ी शपथ और क्या होगी?’
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में जो खुलासे किए हैं, वे बेहद गंभीर हैं। उन्होंने एक लाख से ज्यादा फर्जी वोटरों की बात की है, और यह दिखाता है कि किस तरह से चुनावी नतीजों को प्रभावित किया जा सकता है। प्रियंका ने बताया कि इस मुद्दे पर आगे क्या रणनीति होगी, यह इंडिया गठबंधन के नेता तय करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में हर वोट की अहमियत होती है। अगर एक लाख वोटों को हटाकर या जोड़कर चुनाव परिणाम प्रभावित किए जाएं, तो यह लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘अगर कोई छात्र शिकायत करे कि क्लास में चीटिंग हो रही है, तो क्या टीचर उसे डांटेगी या जांच करेगी? यहां तो उल्टा हो रहा है। शिकायतकर्ता से ही हलफनामा मांगा जा रहा है, लेकिन आयोग खुद कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।’











