वाराणसी – सपा मुखिया अखिलेश यादव का था आह्वाहन, पुलिस प्रशासन की नाकेबंदी को चकमा देकर सपा नेताओ और कार्यकर्ताओं ने किया तहसीलो में प्रदर्शन

अनुराग पाण्डेय

वाराणसी। वाराणसी में प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के दौरे के तेज़ रफ़्तार खबरों के बीच आज समाजवादी पार्टी के द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन दब कर रह गया। आज बढती महंगाई, पंचायत चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुवे समाजवादी पार्टी ने प्रदेश स्तर पर हर एक तहसील पर विरोध प्रदर्शन रखा था। इस विरोध प्रदर्शन को वाराणसी जिले में सफल बनाने के लिए जहा किशन दीक्षित और अन्य समाजवादियो ने कमर कस रखा था वही जिला पुलिस और प्रशासन ने भी इस प्रदर्शन को नही होने देने की पूरी कोशिश किया हुआ था। मगर प्रशासन की तमाम नाकेबंदी को ध्वस्त करते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने तहसीलों पर प्रदर्शन किया। गुरुवार को शहर में प्रधानमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए किसी प्रकार के धरना-प्रदर्शन पर रोक थी वाबजूद इसके पुलिस को गच्चा देकर सपाई तहसील तक पहुंचने में कामयाब रहे। वहीं जिलेभर में पुलिस ने कुल 64 सपाजनों को हिरासत में लिया और थाने से ही छोड़ दिया।

राज्यव्यापी तहसील स्तरीय प्रदर्शन के लिए सपा नेताओ, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने गोपनीय रणनीति के तहत तहसील मुख्यालय के आसपास एक किलोमीटर दायरे में विभिन्न कॉलोनियों में सुबह छह बजे से ही शरण ले ली। तय कार्यक्रम के अनुसार पूर्व पार्षद वरुण सिंह के नेतृत्व में गिलट बाजार स्थित एक कॉलोनी से निकल कर 50 से अधिक कार्यकर्ता सड़क पर नारेबाजी करने लगे। ठीक उसी वक्त भोजूबीर स्थित एक कॉलोनी के आवासों से किशन दीक्षित के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का जत्था निकला। दोनों तरफ से दर्जनों कार्यकर्ताओं के अचानक सड़क पर आने से सुरक्षाबल भी असमंजस में आ गए। प्रधानमंत्री शहर में आ चुके थे। किसी अप्रिय स्थित से बचने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तहसील मुख्यालय परिसर में जाने दिया।

दो जत्थों के पहुंचने के बाद कई और जत्थे तहसील पहुंचने में कामयाब हो गए। सदर तहसील में प्रदर्शन को पहुंचे अलग-अलग जत्थों का नेतृत्व किशन दीक्षित, वरुण सिंह के अलावा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, महासचिव जितेंद्र यादव, पूर्व मंत्री डॉ बहादुर यादव, पूर्व विधायक हाजी अब्दुल समद अंसारी, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, डॉ0 पीयूष यादव, मनोज राय धूपचंडी, आदिल अहमद, शालिनी यादव, पूजा यादव, दिलीप कश्यप, अजय चौधरी, शमीम अंसारी आदि ने किया।

इस दरमियान सेवापुरी तथा रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के सपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। धरना प्रदर्शन में पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिनेश सिंह यादव, आत्माराम यादव, पूर्व विधायक महेंद्र पटेल, सर्वजीत भारद्वाज आदि थे। पिंडरा में 14 सूत्री मांगों का ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। इस दरमियान सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को तहसील के अंदर घुसने नहीं देने पर पुलिस से नोकझोंक भी हुई। आधे घंटे की जिच के बाद दोपहर 12 बजे विधानसभा क्षेत्र प्रभारी रामबालक पटेल व विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष उदल पटेल के नेतृत्व में पांच लोग अंदर पहुंचे और नायब तहसीलदार साक्षी राय को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शीतला प्रसाद सिंह, हरिशचंद्र यादव, पनधारी यादव आदि मौजूद थे। उधर फूलपुर व सिंधोरा थाना क्षेत्र के एक दर्जन नेताओं को उनके घरों पर नजरबंद कर दिया गया था। आज पुरे दिन में मिली जानकारी के अनुसार चार दर्जन से अधिक सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *