WHO ने जारी किया भारत में मिले कोविड-19 के नए वेरिएंट को लेकर चेतावनी

मो0 कुमेल
डेस्क: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाल ही में केरल में मिले कोविड-19 वायरस के वैरिएंट जेएन-1 को ‘वैरिएंट ऑफ़ इंटरेस्ट’ का दर्जा दिया है। पिछले दिनों ये वैरिएंट एकाएक कई देशों में नज़र आया है। इससे संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या में भी तेजी से इज़ाफा हुआ है। इस वैरिएंट के मामले अमेरिका, चीन और सिंगापुर और भारत में दर्ज किए गए हैं। चीन में अब तक इसके सात मामले दर्ज किए गए हैं।

भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को इस बाबत राज्य सरकारों से कहा है कि जांच का दायरा बढ़ाया जाए और कोविड-19 के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्कता बरती जाए। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ‘यह अनुमान लगाया गया है कि ये वैरिएंट विशेष रूप से उन देशों में वायरल और बैक्टिरियल संक्रमण में उछाल के बीच सार्स-कोव-2 मामलों में वृद्धि ला सकता है, जहां अब सर्दियां आ रही हैं।’











